Lucknow Kanpur Trains: कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर ट्रैक सुधार का काम पूरा हो गया है, जिससे ट्रेनें अब 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी।
Track improvement done on Kanpur-Lucknow railway route: कानपुर से लखनऊ तक अब ट्रेन यात्रा होगी बेहद तेज और आरामदायक। रेल मार्ग पर ट्रैक सुधार का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जिसके बाद ट्रेनें 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी। इससे पहले लखनऊ जाने में 1.25 से 1.5 घंटे लगते थे, लेकिन अब सिर्फ 40 से 45 मिनट में यात्रा पूरी हो सकेगी।
ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए सफल परीक्षण
लखनऊ जंक्शन से चलने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, चित्रकूट एक्सप्रेस, आईआरसीटीसी तेजस एक्सप्रेस समेत अन्य सुपरफास्ट ट्रेनों की गति बढ़ाकर परीक्षण किया जा चुका है। ट्रैक सुधार के बाद जून माह से इस मार्ग पर ट्रेनों की औसत रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे कर दी जाएगी। रोजाना करीब 60 हजार यात्रियों को इस सुधार का सीधा लाभ मिलेगा।
गंगा पुल पर भी ट्रेनें चलेंगी तेज गति से
शुक्लागंज के पुराने गंगा पुल की मरम्मत कार्य समय से पहले पूरा कर लिया गया है। अब इस पुल पर ट्रेनें 10 की बजाय 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरेंगी। अप्रैल तक पुल पर भारी मेगा ब्लॉक लेकर किया गया एच-बीम स्लीपर डालने का काम भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
तेज गति से चलेंगी ट्रेनें, यात्रियों को होगी सहूलियत
ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए लंबा समय से चल रहे कार्य अब पूरा हो चुका है। निदेशक कानपुर सेंट्रल, आशुतोष सिंह ने बताया कि इस सुधार से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और समय की बचत भी होगी।
इस तरह जल्द ही कानपुर-लखनऊ रेल सेवा और भी अधिक सुविधाजनक और तेज गति वाली हो जाएगी।

COMMENTS