Site icon Bharat Update 24

Bihar News: मंडप से गायब हो गया दूल्हा, पूरी रात इंतजार करती रही दुल्हन, सुबह लौटकर बोला- आगे ऐसी गलती नहीं होगी

Groom disappeared from the mandap in bihar

Bihar News: मंडप से गायब हो गया दूल्हा..

Groom disappeared from the mandap in bihar: बिहार के भागलपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के मंडप से दूल्हा अचानक गायब हो गया। पूरी रात दुल्हन और उसके परिजन दूल्हे का इंतजार करते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। अगली सुबह जब दूल्हा वापस लौटा तो उसने कहा, “मुझे किडनैप कर लिया गया था, आगे से ऐसी गलती नहीं होगी।” इस घटनाक्रम के बाद शादी रोक दी गई।

बैंड-बाजा, बारात और मेहमान सब तैयार थे… पर दूल्हा नदारद

वारदात भागलपुर नगर निगम के वार्ड 21 स्थित डीएन सिंह घाट रोड की है। यहां दुल्हन दीपा और दूल्हा शानू की शादी होनी थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं, मंडप सजा था, बैंड-बाजा बज रहा था, मेहमान खाना खा चुके थे। लेकिन जैसे ही शादी की रस्में शुरू होनी थीं, दूल्हा अचानक गायब हो गया।

परिजन और दोस्त उसे ढूंढ़ते रहे, फोन किया गया लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था। रातभर दुल्हन और उसके परिवार वाले टेंशन में रहे।

सुबह लौटकर आया दूल्हा, दी अजीब सफाई

करीब तीन घंटे बाद शानू का मोबाइल ऑन हुआ, तो फोन पर उसने बताया कि उसे किडनैप कर लिया गया था। सुबह जब वह अपने दोस्तों के साथ विवाह स्थल पर लौटा, तो सिर्फ यही बोला, “अब आगे से ऐसी गलती नहीं होगी।” इस बयान पर सभी को हैरानी हुई।

चार साल के प्रेम संबंध के बाद शादी, फिर भी मंडप से भागा

शानू और दीपा की मुलाकात साल 2021 में फेसबुक पर हुई थी। दोनों चार साल से रिलेशनशिप में थे और अब शादी करने जा रहे थे। हालांकि बारात में दूल्हे की तरफ से सिर्फ दो-चार लोग ही आए थे, जिससे लड़की पक्ष को पहले ही शक हो गया था। दुल्हन जैसे ही मंडप में पहुंची, शानू वहां से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों को साजिश की आशंका, शादी पर संकट

घटना के बाद शादी रोक दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब एक साजिश लगती है। वार्ड पार्षद संजय सिंह मौके पर पहुंचे और कहा कि अब इस मामले में लड़के के माता-पिता को बुलाया जाएगा और यदि दोनों परिवार सहमत हों, तो बूढ़ानाथ मंदिर में विधिवत तरीके से शादी कराई जाएगी।

उन्होंने कहा, “अब लड़के की बात पर भरोसा करना मुश्किल है। मंडप से इस तरह भाग जाना कई सवाल खड़े करता है। ऐसे में शादी दोनों परिवारों के विश्वास पर ही निर्भर करेगी।”

फिलहाल शादी टाल दी गई, चर्चा का विषय बनी घटना

भागलपुर की यह घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। जहां एक तरफ दुल्हन और उसका परिवार सदमे में हैं, वहीं लड़के के बर्ताव को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि क्या इस रिश्ते की डोर फिर से बंध पाएगी या यह मामला यहीं खत्म हो जाएगा।

Exit mobile version