Nicholas Pooran retires from international cricket: वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज निकोलस पूरन ने मंगलवार, 10 जून 2025 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अचानक संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने रिटायरमेंट की जानकारी दी, जिससे क्रिकेट जगत में हैरानी की लहर दौड़ गई। मात्र 29 साल की उम्र में पूरन का यह फैसला सभी के लिए चौंकाने वाला रहा।
4000 से ज्यादा रन, लेकिन टेस्ट क्रिकेट से दूरी
निकोलस पूरन ने वेस्टइंडीज के लिए 61 टी20 इंटरनेशनल और 106 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले और दोनों प्रारूपों में मिलाकर 4000 से अधिक रन बनाए। हालांकि, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कभी डेब्यू नहीं किया। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर पूरन सीमित ओवरों के क्रिकेट में टीम के एक अहम स्तंभ रहे हैं।
आईपीएल 2025 में दिखाया दम, इंग्लैंड सीरीज से मांगा था आराम
पूरन हाल ही में संपन्न हुए आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेले और शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 मैचों में करीब 200 की स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए। आईपीएल के ठीक बाद इंग्लैंड के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज से उन्होंने आराम मांगा था, जिससे किसी को अंदेशा नहीं था कि वे संन्यास का एलान कर देंगे।
इंस्टाग्राम पर लिखा भावुक संदेश
“काफी सोच-विचार के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। यह खेल जिसे हम प्यार करते हैं, उसने हमें बहुत कुछ दिया है – खुशी, उद्देश्य, अविस्मरणीय यादें और वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करने का गर्व।”
उन्होंने आगे लिखा
“मैरून जर्सी पहनना, राष्ट्रगान के लिए खड़ा होना और हर बार मैदान पर पूरी जान झोंक देना – यह मेरे जीवन का सबसे गर्व का पल रहा। कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात रही, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।”
विश्व कप से पहले बड़ा झटका
गौरतलब है कि निकोलस पूरन हाल ही में टी20 टीम के कप्तान भी रह चुके थे। लेकिन आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से महज आठ महीने पहले उनका यह फैसला वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
