Site icon Bharat Update 24

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बरेली पहुंचीं, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने त्रिशूल एयरबेस पर किया भव्य स्वागत

President Draupadi Murmu reached Bareilly

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बरेली पहुंचीं | Image Source - Social Media

President Draupadi Murmu reached Bareilly: सोमवार सुबह करीब 9:50 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से बरेली स्थित त्रिशूल एयरबेस पर पहुंचीं। यहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका भव्य स्वागत किया। राष्ट्रपति बरेली के आईवीआरआई (भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान) के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने आई हैं।

दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

त्रिशूल एयरबेस से राष्ट्रपति सीधे आईवीआरआई परिसर पहुंचीं, जहां स्वामी विवेकानंद सभागार में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी भी मौजूद रहे।

मेधावी छात्रों को करेंगी सम्मानित

समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आठ मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र से सम्मानित करेंगी। स्नातक डिग्री प्राप्त करने वाले डॉ. तान्या चौधरी और डॉ. अतुल प्रताप सिंह, मास्टर डिग्री प्राप्त करने वाले डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर, डॉ. सेलस सीएम और डॉ. खुशबू चौधरी, डॉक्टरेट डिग्री प्राप्त करने वाले डॉ. राजकुमार पटेल, डॉ. मेघा शर्मा और डॉ. अमिता बानू

कुल 576 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि

इस दीक्षांत समारोह में बीवीएससी एंड एएच के 41, एमवीएससी के 328 और पीएचडी के 207 छात्रों को उपाधि प्रदान की जाएगी। सभी छात्रों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था। छात्र सफेद कुर्ता-पायजामा और छात्राएं लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ी में समारोह में शामिल हुईं।

चार सेफ हाउस किए गए तैयार

राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए शहर के दो निजी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और आईवीआरआई परिसर को सेफ हाउस के रूप में तैयार किया गया है। इन स्थानों पर चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की पूरी व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति के काफिले में दो एएलएस एंबुलेंस भी तैनात रहीं।

ट्रैफिक में बदलाव, लोगों को दी गई एडवाइजरी

राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी के चलते शहर में कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया। सुबह 4 बजे से शाम 4 बजे तक कई रास्तों पर हल्के और भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा। लोगों से अपील की गई कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें।

सुरक्षा में लगे 1200 पुलिसकर्मी

आईवीआरआई परिसर में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाया गया। शनिवार को एडीजी सुरक्षा रघुबीर लाल, एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य की उपस्थिति में फोर्स की ब्रीफिंग की गई।

हर स्तर पर सुरक्षा में रहा सख्त पहरा

सुरक्षा प्रभारी एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि बरेली जोन के सभी जिलों से फोर्स मंगाया गया था। 5 एसपी, 9 एएसपी, 18 सीओ, 55 इंस्पेक्टर, 250 दरोगा, 300 महिला सिपाही, 700 सिपाही और होमगार्ड, इसके अलावा चार कंपनी पीएसी को भी तैनात किया गया।

Exit mobile version