Site icon Bharat Update 24

राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा, सीएम योगी बोले- आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण

Pran Pratishtha of Ram Darbar

राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा, सीएम योगी बोले- आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण

Pran Pratishtha of Ram Darbar: अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में आज गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। राम दरबार समेत कुल आठ देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा आज सुबह 11:25 से 11:40 बजे के बीच अभिजीत मुहूर्त में पूरी भव्यता के साथ संपन्न होगी। यह आयोजन राम मंदिर के प्रथम तल पर किया जा रहा है।

प्रात: छह बजे से पूजन-अनुष्ठान शुरू हुआ, जिसमें देवताओं की पूजा यज्ञ मंडप में की गई। इसके बाद प्राण प्रतिष्ठा की विधि प्रारंभ हुई, जो पूजन, भोग और आरती के साथ सम्पन्न होगी। इस शुभ अवसर पर रामेश्वरम की प्राण प्रतिष्ठा का स्मरण भी किया गया, जो इसी दिन संपन्न हुई थी।

सीएम योगी ने बताया दिन को पावन और ऐतिहासिक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर को अत्यंत पावन और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, “गंगा दशहरा की यह तिथि न केवल मां गंगा के धरती पर आगमन की याद दिलाती है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘नमामि गंगे’ जैसे प्रयासों को भी सार्थक करती है। आज विश्व पर्यावरण दिवस भी है, जो हमें प्रकृति के साथ समन्वय बनाने की प्रेरणा देता है।”

योगी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम की भी शुरुआत की, जो 15 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान के तहत प्रदेश में 35 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है।

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की नूतन अभिव्यक्ति: योगी आदित्यनाथ

एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “अयोध्या धाम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रथम तल पर आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का साक्षी बनना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है। यह अवसर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की नई अभिव्यक्ति है।”

संघ, विहिप और संत समाज की उपस्थिति

इस समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद और भाजपा से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय साधु-संतों की भी उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। जातीय मंदिरों के संतों को भी आमंत्रित किया गया है। सभी आमंत्रितों के लिए मंदिर परिसर में लंच पैकेट की व्यवस्था की गई है।

Exit mobile version